कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल भवानीपुर में गुरुवार को सियासी तापमान उस वक्त और बढ़ गया, जब विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने यहां से भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ सीधे मैदान में उतरकर शुभेंदु ने इस सीट को हाई-प्रोफाइल मुकाबले में बदल दिया है। गुरुवार की सुबह दिल्ली से कोलकाता पहुंचने के बाद शुभेंदु अधिकारी सीधे चकबेरिया रोड स्थित भाजपा के भवानीपुर चुनाव कार्यालय पहुंचे। इसके बाद उन्होंने इलाके में रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ देखने को मिली। रैली के दौरान उत्साहित नजर आए शुभेंदु ने कहा कि रैली को मिली प्रतिक्रिया से वह उत्साहित हैं और वह निर्वाचन क्षेत्र के हर हिस्से में प्रचार करेंगे। शुभेंदु ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि लोग मुझे स्वीकार करेंगे। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि मैं 25,000 मतों के अंतर से जीतूंगा। जनता ने आज दिखा दिया है कि यहां कोई चुनौती नहीं है।
भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ता हुए आमने-सामने
इस दौरान चकबेरिया रोड इलाके में भाजपा और तृणमूल समर्थकों के आमने-सामने आने से कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। एक ओर भाजपा कार्यकर्ता जश्न मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर तृणमूल समर्थक “जय बांग्ला” और “ममता बनर्जी जिंदाबाद” के नारे लगा रहे थे। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए कोलकाता पुलिस की भारी तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग रखते हुए किसी भी अप्रिय घटना को टालने में अहम भूमिका निभाई। शुभेंदु अधिकारी बाद में भवानीपुर थाने भी पहुंचे और आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी रैलियों में बाधा डाली गई या कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया, तो वह धरना देंगे। दो सीटों से चुनाव लड़ने के उनके फैसले के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुझे दोनों जगहों से चुनाव लड़ने का निर्देश दिया है।