उत्तर 24 परगना : उत्तर 24 परगना के चर्चित शिक्षक बरुण विश्वास हत्याकांड की जांच एक बार फिर शुरू हो गई है। शनिवार को जनता दरवार में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से पुनर्जांच की मांग के कुछ दिन बाद गुरुवार को सीआईडी की टीम गोबरडांगा स्थित बरुण विश्वास के घर पहुंची और परिजनों से लंबी पूछताछ कर मामले से जुड़े अहम तथ्य जुटाए। जांच अधिकारियों ने बरुण विश्वास के सामाजिक कार्यों, सुतिया सामूहिक दुष्कर्म मामले में उनकी भूमिका, हत्या की परिस्थितियों और परिवार के आरोपों को दर्ज किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक की इस मामले में भूमिका थी और पूर्ववर्ती सरकार के दौरान निष्पक्ष जांच नहीं हुई। बरुण विश्वास के भाई असित विश्वास ने कहा कि नई सरकार से न्याय की उम्मीद के साथ पुनर्जांच की मांग की गई थी और सीआईडी की त्वरित कार्रवाई से परिवार को निष्पक्ष जांच की उम्मीद जगी है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि 5 जुलाई 2012 को गोबरडांगा स्टेशन के पास अज्ञात हमलावरों ने शिक्षक बरुण विश्वास की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुतिया सामूहिक दुष्कर्म और महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ उनकी सक्रिय आवाज को ही परिवार हत्या की मुख्य वजह मानता है। पुलिस मामले की दोबारा जांच में जुट गई है।