कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति इन दिनों SIR मुद्दे और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गरमाई हुई है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरने पर बैठने को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ममता बनर्जी दरअसल विपक्ष की नेता बनने की प्रैक्टिस कर रही हैं। सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुकांत मजूमदार ने कहा कि मुख्यमंत्री के धरने से भाजपा को कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा और ममता बनर्जी विपक्ष की नेता होंगी। विपक्ष में रहते हुए उन्हें कभी-कभी धरना देना पड़ेगा, इसलिए अभी से प्रैक्टिस करना उनके लिए बेहतर है। राज्यपाल सीवी आनंद बोस के इस्तीफे पर सुकांत मजूमदार ने कहा कि राज्यपाल ने स्वयं लिखा है कि वह बीमारी के कारण इस्तीफा दे रहे है। राज्यपाल की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री की भूमिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत के संविधान में कहीं भी यह नहीं लिखा है कि राज्यपाल की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री से आलोचना या अनुमति ली जाए।