कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। तृणमूल सरकार की संभावित रणनीति पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस अपने स्वार्थ के अनुसार उम्मीदवार और मंत्रियों में फेरबदल कर रही है। सुकांत मजूमदार ने कहा कि इन लोगों से जो चूसना था, वह चूस लिया। अब भाइयों चूसने के लिए नया बोतल ला रही है। भाजपा की उम्मीदवार सूची को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जल्दबाज़ी में फैसला नहीं करेगी। उनके अनुसार, “हमारी कैंडिडेट लिस्ट सभी की राय और आपसी बातचीत के आधार पर फाइनल की जाएगी। यह काम ज़ोरों पर है और एक मजबूत व अच्छी तरह से संगठित उम्मीदवार सूची सही समय पर जारी की जाएगी। वहीं राज्य प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए मजूमदार ने पूछा कि क्लास ‘A’ अधिकारियों की नियुक्ति क्यों नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने जानबूझकर ऐसा किया है। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि गुजरात में SIR प्रक्रिया बाद में शुरू होने के बावजूद पूरी हो चुकी है, जबकि पश्चिम बंगाल में यह अब तक अधूरी है। उनके मुताबिक यह राज्य सरकार की नाकामी को दर्शाता है।