राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिले के खड़गपुर नगर थाना इलाके के ओल्ड सेटलमेंट में बुधवार की सुबह एक छात्र अक्षय झा को कथित रूप से गोली मारे जाने का एक घटना प्रकाश में आई थी। घटना को लेकर एक तरह से शहर भर में हड़कंप मच गया लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की और जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए वह चौंकाने वाले निकले। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छात्र अजय झा को गोली उसके दोस्त सागर राव के घर में उस समय लग गई जब वह अपने दोस्त के घर पर रखी पिस्तौल को उत्सुकता से देख रहा था।पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह कोई गैंगवार या सुनियोजित हमले जैसी कोई बात नहीं है बल्कि बंदूक देखते अथवा संभालते समय गलती से गोली चल गई।
पश्चिम मिदनापुर जिले की पुलिस सुपरिटेंडेंट पापिया सुल्ताना ने घटना को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि खड़गपुर के ओल्ड सेटलमेंट इलाके में रहने वाले सागर कुमार राव के घर में कथित तौर पर काफी समय से 9 एम एम पिस्टल रखी हुई थी। अक्षय बुधवार सुबह सागर के घर गया था। उस समय जब सागर घर पर नहीं था, तो अक्षय उत्सुकता से बंदूक देखने गया और तभी गलती से गोली चल गई और उसे गोली लग गई। पुलिस का दावा है कि घटना के बाद सागर ने अपने दो दोस्तों को फोन करके मामले की जानकारी दी। उसके बाद तीनों लोगों ने घटना को छिपाने के लिए एक कहानी बनाई। एस पी ने बताया कि पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सागर के बयान में कई गड़बड़ियां मिलीं। उसके बाद उसके मोबाइल फोन कॉल्स समेत कई जानकारियों की जांच की गई और उससे दोबारा पूछताछ की गई। लंबी पूछताछ के बाद सागर राव ने जांच करने वालों के सामने घटना कबूल कर ली है। पुलिस ने इस घटना में सागर कुमार राव, कोला योगेश्वर राव उर्फ चिंटू और विशाल जाना को गिरफ्तार किया है और उनके तीसरे साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सागर के घर से एक 9 एम एम पिस्टल और तीन राउंड कारतूस जब्त किए गए। पश्चिम मिदनापुर जिले की एसपी पापिया सुल्ताना ने कहा कि शुरुआती जांच में घटना से किसी गैंगवार या हमले का कनेक्शन नहीं मिला है। साथ ही, उन्होंने गैर-कानूनी हथियारों को रखने के खिलाफ सख्त कार्रवाई का मैसेज दिया। उनके मुताबिक, खड़गपुर में किसी भी तरह से माफिया राज वापस नहीं आने दिया जाएगा। ऐसे गैंग से जुड़े संदिग्धों, चाहे वे एक्टिव हों या ना हों, के घरों पर छापा मारकर गैर-कानूनी तरीके से स्टोर किए गए हथियार बरामद किए जाएंगे।