राखी कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विवाद के बाद भिड़े ABVP और TMCP समर्थक, पुलिस तैनात
बारासात : जादवपुर विश्वविद्यालय के बाद अब बारासात स्थित वेस्ट बंगाल स्टेट यूनिवर्सिटी भी छात्र संघर्ष को लेकर सुर्खियों में है। मंगलवार की शाम विश्वविद्यालय के हॉस्टल में राखी कार्यक्रम के आयोजन को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) से जुड़े छात्रों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर हमले के आरोप लगाए गए हैं। घटना में ABVP के दो छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। दोनों को गले और गर्दन में चोट लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि विवाद की शुरुआत मंगलवार की शाम एमए प्रथम वर्ष के राजनीति विज्ञान के छात्र अरूप को लेकर हुई। ABVP का आरोप है कि बातचीत के बहाने अरूप को हॉस्टल में बुलाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। इस मामले में TMCP से जुड़े अल्ताफ नामक छात्र का नाम सामने आया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद ABVP के कुछ छात्र हॉस्टल पहुंचे। वहां अरूप के साथ मारपीट का विरोध करने पर दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। ABVP का आरोप है कि इसी दौरान छात्रों पर ब्लेड से हमला किया गया। ABVP के बारासात नगर सचिव प्रीतम पाठक ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में राखीबंधन कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी चल रही थी। कार्यक्रम के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले आवेदन पर कुलपति की मंजूरी भी मिल चुकी थी। उनका दावा है कि इसी बात को लेकर विरोध शुरू हुआ और पूछा गया कि कार्यक्रम के लिए ABVP को आर्थिक सहायता क्यों दी जा रही है। इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घायल ABVP छात्र अरूप का आरोप है कि उस पर ब्लेड से वार किया गया। संगठन की ओर से दावा किया गया कि एक अन्य सदस्य भी हमले में घायल हुआ है। हालांकि हॉस्टल के छात्र गियास, रहमत और शरीफ ने किसी भी छात्र संगठन से जुड़े होने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि ABVP के छात्र हॉस्टल में पहुंचे और वहां मौजूद छात्रों के साथ मारपीट की। उनके मुताबिक, करीब 10-12 छात्र इस घटना में घायल हुए हैं। इस तरह दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। घटना को लेकर बारासात के भाजपा विधायक शंकर चट्टोपाध्याय ने आरोप लगाया कि TMCP से जुड़े बाहरी लोग विश्वविद्यालय परिसर में घुसे और ABVP छात्रों के साथ मारपीट की। वहीं, पुलिस पूरे मामले की वजह और घटनाक्रम की जांच में जुटी है।