जलपाईगुड़ी : जलपाईगुड़ी स्टेशन बाजार में व्यापारियों से कथित तौर पर दबाव बनाकर रुपये वसूलने की शिकायत को लेकर बाजार कमेटी ने कड़ा रुख अपनाया है। बाजार कमेटी ने साफ किया है कि किसी भी व्यक्ति या समूह को व्यापारियों की इच्छा के विरुद्ध रुपये लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कमेटी ने व्यापारियों से भी ऐसी स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की है।स्टेशन बाजार व्यवसायी कमेटी के सचिव योगेंद्र राउत ने बताया कि कुछ दिनों से कुछ व्यापारियों की ओर से दबाव बनाकर रुपये लिए जाने की शिकायत सामने आ रही थी। उनका आरोप है कि अपनी इच्छा से दी जाने वाली मदद के बजाय कई बार व्यापारियों से निर्धारित राशि देने के लिए दबाव बनाया जाता है। राशि नहीं देने पर विवाद या धमकी जैसी स्थिति बनने की भी शिकायत मिली है।राउत ने कहा कि व्यापारी अपनी इच्छा से किसी की मदद करना चाहते हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन डर दिखाकर, दबाव बनाकर या जबरन रुपये लेना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाजार कमेटी की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद व्यापारियों की सुरक्षा और बाजार का शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सख्त निर्णय लिया गया है।
इधर, जलपाईगुड़ी के दिनबाजार व्यवसायी कल्याण समिति की वार्षिक आमसभा में भी जबरन चंदा वसूली का मुद्दा उठा। निवर्तमान अध्यक्ष मलय साहा ने बताया कि रविवार को कुछ लोग दिनबाजार में मदद मांगने पहुंचे थे। हालांकि इस दौरान किसी तरह का विवाद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पूजा से पहले जबरन चंदा वसूली किसी भी व्यापारी को स्वीकार नहीं होगी। आमसभा में इस संबंध में हुई चर्चा और निर्णय की जानकारी बाद में दी जाएगी।स्टेशन बाजार कमेटी ने स्पष्ट किया कि उसका फैसला किसी समुदाय विशेष के खिलाफ नहीं है। बाजार में किसी भी व्यक्ति द्वारा जबरन वसूली, धमकी या दबाव बनाने की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए पुलिस-प्रशासन से संपर्क किया जाएगा। पूजा के मौसम में बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए कमेटी ने व्यापारियों की सुरक्षा और सामान्य माहौल बनाए रखने पर जोर दिया है।