हाबरा : उत्तर 24 परगना के हाबरा में एक नाबालिग छात्रा के साथ लंबे समय तक कथित दुष्कर्म और यौन शोषण का मामला सामने आया है। मामले में हाबरा थाना पुलिस ने पीड़िता के सौतेले पिता और दादा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को गुरुवार को बारासात अदालत में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, कक्षा आठ में पढ़ने वाली छात्रा पिछले कुछ समय से स्कूल में गुमसुम रहने लगी थी। उसकी पढ़ाई में भी लगातार गिरावट देखी जा रही थी। छात्रा की बदली हुई मानसिक स्थिति को देखकर शिक्षिकाओं ने उससे बातचीत की, जिस दौरान उसने रोते हुए बताया कि घर में अन्य लोगों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसका सौतेला पिता और दादा लंबे समय से उसके साथ यौन शोषण कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षिकाओं ने बुधवार को हाबरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और अदालत में उसका गोपनीय बयान भी दर्ज कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।