टीटागढ़ : सिगरेट के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में पान दुकानदार रामजी साव की पिटाई के बाद मौत के मामले में टीटागढ़ थाने की पुलिस ने 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये आरोपियों की पहचान नासिर, शेख शाहिद और बंटी घोष के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार को तीनों को बैरकपुर अदालत में पेश किया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को टीटागढ़ थाना क्षेत्र के जीसी रोड इलाके में रामजी साव अपनी पान की दुकान पर थे। सिगरेट के रुपये मांगने को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।