बकाया वेतन और अन्य मांगों को लेकर तीन दिन से चल रहा था आंदोलन
इस्तीफे की खबर पर सफाईकर्मियों ने ढाक-ढोल बजाकर जताई खुशी
शांतिपुर : बकाया वेतन और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर सफाईकर्मियों के तीन दिवसीय आंदोलन के बाद आखिरकार शांतिपुर नगरपालिका के चेयरमैन सुब्रत घोष और वाइस चेयरमैन कौशिक प्रमाणिक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। दोनों के पद छोड़ने की खबर सामने आते ही गुरुवार को नगरपालिका परिसर में सफाईकर्मियों ने ढाक-ढोल बजाकर खुशी जताई। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से नियमित वेतन नहीं मिल रहा था। पहचान पत्र समेत कई मांगों को लेकर नगरपालिका प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इसी के विरोध में सफाईकर्मी तीन दिनों से काम बंद कर आंदोलन कर रहे थे। बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न इलाकों से जमा कचरा और सड़े-गले सामान तक नगरपालिका परिसर में लाकर फैला दिया था। चेयरमैन के कार्यालय के बाहर भी कचरा डालकर विरोध जताया गया। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार काम करने के बावजूद वेतन नहीं मिलने से उनके लिए परिवार चलाना मुश्किल हो गया था। उनका यह भी आरोप है कि आंदोलन के दौरान चेयरमैन ने उनसे बातचीत तक नहीं की। गुरुवार को इस्तीफे की जानकारी मिलने के बाद कर्मचारियों ने खुद नगरपालिका परिसर से फैला हुआ कचरा साफ कर दिया। चेयरमैन के इस्तीफे के बाद उनके कार्यालय से नेमप्लेट हटा दी गई है, जबकि वाइस चेयरमैन के कमरे की नेमप्लेट अब भी लगी हुई है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में नगरपालिका के सफाईकर्मियों समेत अन्य कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होगा और कामकाज बेहतर तरीके से चलेगा।