बैरकपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा बैरकपुर संगठनात्मक जिले की ओर से एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के विभिन्न इलाकों में सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान की रूपरेखा को लेकर बुधवार को बैरकपुर संगठनात्मक जिले की ओर से पत्रकार सम्मेलन किया गया। इसमें जिला अध्यक्ष तापस घोष, जगदल के विधायक डॉ. राजेश कुमार और राज्य के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह मौजूद रहे। पत्रकार सम्मेलन में अर्जुन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को ध्यान में रखते हुए पूरे जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लगभग 25 वर्षों के राजनीतिक जीवन और जनसेवा को ध्यान में रखते हुए इस अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि अभियान के माध्यम से महिलाओं, समाज के वंचित वर्गों के साथ बच्चों के प्रति सम्मान और सेवा का संदेश दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए विकास और आधुनिकीकरण को जिस गति से आगे बढ़ाया, उसी सोच के साथ पश्चिम बंगाल को भी उद्योग और आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में आगे ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। अर्जुन सिंह ने कांग्रेस, वाममोर्चा और पिछली तृणमूल सरकार पर राज्य में औद्योगिक विकास को पीछे धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार का लक्ष्य पश्चिम बंगाल को आधुनिक, औद्योगिक और विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ाना है।