उत्तर 24 परगना : जिले के मध्यमग्राम नगर पालिका क्षेत्र में अस्थायी सफाईकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। वेतन बढ़ाने और भविष्य निधि (पीएफ) सुविधा शुरू करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने नगर पालिका कार्यालय के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से अस्थायी कर्मचारी के तौर पर काम करने के बावजूद उन्हें कम वेतन पर काम करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि उन्हें पीएफ और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों ने मांग की कि उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द वेतन में बढ़ोतरी की जाए और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रदर्शन के कारण नगर पालिका परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद मध्यमग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे घर-घर जाकर कचरा संग्रहण का कार्य बंद रखेंगे।