हालीशहर : सीनियर सिटीजन कार्ड अपडेट कराने के नाम पर एक बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाकर साइबर ठगों ने उनके तीन बैंक खातों से 23 लाख 32 हजार रुपये उड़ा लिये। ठगी से पहले आरोपी ने फोन पर पेंशन खाते और एटीएम कार्ड से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल की। इसके बाद वॉट्सऐप वीडियो कॉल के जरिए पासबुक और एटीएम कार्ड के दोनों तरफ की तस्वीरें दिखाने को कहा। जानकारी हाथ लगते ही आरोपी ने बैंक खातों में सेंध लगा दी। पीड़ित की पहचान दक्षिण नवानगर निवासी गौतम सरकार के रूप में हुई है। उन्होंने मामले की शिकायत हालीशहर थाने में दर्ज करायी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 6 सितंबर को गौतम सरकार के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को सीनियर सिटीजन कार्ड से संबंधित सेवा से जुड़ा बताते हुए कार्ड अपडेट कराने की बात कही। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने पेंशन खाते, एटीएम कार्ड नंबर और सीवीवी समेत बैंकिंग से जुड़ी अहम जानकारी साझा कर दी। आरोप है कि अगले दिन, 7 सितंबर को ठग ने दोबारा वॉट्सऐप वीडियो कॉल किया। इस दौरान उसने पीड़ित की बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड के आगे-पीछे की तस्वीरें दिखाने को कहा। वीडियो कॉल खत्म होने के कुछ ही समय बाद दोपहर करीब 3.50 बजे पीड़ित के यूको बैंक के तीन खातों से एक के बाद एक कई अनधिकृत लेन-देन हुए। देखते ही देखते कुल 23 लाख 32 हजार रुपये खातों से निकल गये। खाते से बड़ी रकम निकाले जाने की जानकारी मिलते ही गौतम सरकार के होश उड़ गये। उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क किया और इसके बाद हालीशहर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों और बैंक खातों से जुड़े लेन-देन की जांच कर रही है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर ठगी की रकम निकालने में किया गया।