दक्षिणेश्वर : दक्षिणेश्वर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना किसी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक के एक व्यक्ति के बैंक खाते से करीब 1,99,302.26 लाख रुपये निकाल लिये गये। लगातार रकम निकासी के मैसेज मिलने के बाद पीड़ित को मोबाइल फोन हैक होने का संदेह हुआ। शिकायत के आधार पर दक्षिणेश्वर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अशोक कुमार दास दक्षिणेश्वर थाना क्षेत्र के डी.डी. मंडल घाट रोड स्थित राजदीप आवासन के निवासी हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को शाम 4:14 बजे से 6 बजे के बीच उनके बैंक खाते से कुल 1,99,302.26 रुपये की निकासी हुई। इस दौरान उनके पास किसी अनजान नंबर से कॉल या कोई संदिग्ध संदेश नहीं आया और न ही उन्होंने किसी लिंक पर क्लिक किया था। खाते से लगातार रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करायी। इसके बाद मामला दक्षिणेश्वर थाने को भेज दिया गया। पुलिस ने बुधवार को शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।