बैरकपुर वायरलेस मोड़ पर प्रदर्शन से लगा जाम
बैरकपुर : बिना वैध परमिट और जरूरी दस्तावेजों के बाहरी ऑटो को बैरकपुर-बारासात रूट पर चलाने के आरोप को लेकर शनिवार को तनाव की स्थिति बन गई। विरोध में ऑटो चालकों ने चार रूटों पर सेवा बंद कर बैरकपुर वायरलेस मोड़ पर प्रदर्शन किया। इसके चलते इलाके में यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी चालकों के अनुसार, श्यामनगर और मध्यमग्राम से आए दो ऑटो गुरुवार से बैरकपुर स्टेशन परिसर में खड़े हैं। आरोप है कि दोनों वाहनों को बैरकपुर-बारासात रूट पर चलाने की कोशिश की जा रही है, जबकि उनके पास इस रूट के आवश्यक परमिट और दस्तावेज नहीं हैं। मामला तब और गरमा गया, जब चालकों ने दोनों ऑटो को रोकने की कोशिश की। ऑटो चालक अमल पाल का आरोप है कि इस दौरान भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के एक नेता ने उन्हें कथित तौर पर धमकी दी। पाल के मुताबिक, शुक्रवार को भी वाहनों को रोकने पर उन्हें चेतावनी दी गई थी। चालकों का कहना है कि दूसरे रूट के वाहनों को बिना उचित अनुमति के यहां चलाने की छूट मिलने से नियमों का पालन कर काम करने वाले ऑटो चालकों की आय पर असर पड़ेगा। इसी मुद्दे को लेकर बैरकपुर-बारासात के साथ बैरकपुर-नीलगंज, बैरकपुर-कांठालिया और बैरकपुर-कुंडुबाड़ी रूट पर भी ऑटो सेवा रोक दी गई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि संबंधित मार्गों पर केवल वैध परमिट और जरूरी कागजात वाले ऑटो को ही परिचालन की अनुमति दी जाए।