रेखा पात्र 
पश्चिम बंगाल

अपनी ही पार्टी के नेतृत्व पर बरसीं रेखा पात्र

हिंगलगंज की भाजपा विधायक बोलीं- पढ़ना नहीं जानती, इसलिए जिला नेतृत्व करता है अपमान

Priti Yadavv

बशीरहाट : हिंगलगंज की भाजपा विधायक रेखा पात्र ने अपनी ही पार्टी के जिला नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कम पढ़ी-लिखी होने के कारण उन्हें लगातार अपमानित किया जाता है और जिला नेतृत्व उन्हें कई बार गुमराह करता है। रेखा के इस बयान के बाद पार्टी के भीतर मतभेद एक बार फिर सामने आ गये हैं। संदेशखाली आंदोलन के दौरान विरोध के प्रमुख चेहरों में शामिल रहीं रेखा पात्र ने इस बार भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि, अब उन्होंने पार्टी के स्थानीय नेतृत्व के रवैये पर सवाल उठाया है। रेखा ने कहा कि मेरी पार्टी है, इसलिए अब तक कुछ नहीं कहा। जिले का नेतृत्व मुझे हमेशा मिसगाइड करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कार्यक्रमों में बुलाने के बाद भी उन्हें अपमानित किया जाता है। रेखा ने कहा कि मैं पढ़ना नहीं जानती, इसलिए जिला कमेटी मुझे हमेशा अपमानित करती है। ये बातें मुझे पसंद नहीं हैं। इसी वजह से मैं जिले के कार्यक्रमों में नहीं जाती और अपने विधानसभा क्षेत्र के काम पर ध्यान देती हूं। उम्मीद है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस मामले को देखेगा। विधायक के आरोपों पर बशीरहाट भाजपा सांगठनिक जिला अध्यक्ष सुकल्याण वैद्य ने कहा कि विधायक और जिला कमेटी की सदस्य के तौर पर उन्हें उचित सम्मान देने की कोशिश की गयी है। उन्होंने कहा कि शायद किसी बात को लेकर उन्हें ऐसा लगा है, यह उनका विषय है। सामने पंचायत चुनाव है और हमें मिलकर लड़ना होगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता इस मामले को देखेंगे।

SCROLL FOR NEXT