बैरकपुर : गांधी जयंती के अवसर पर बैरकपुर के तालपुकुर बाजार में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। बैरकपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कौस्तव बागची ने नगरपालिका अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों पर इस्तेमाल हो रही प्लास्टिक की थैलियों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की गयी।
अभियान के दौरान मछली और सब्जी बाजार की दुकानों में छिपाकर रखी गयी प्रतिबंधित प्लास्टिक की थैलियां भी बरामद की गईं। नियम तोड़ने वाले दुकानदारों का विवरण दर्ज कर मौके पर ही 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त भी किया। मीडिया से बातचीत में विधायक कौस्तव बागची ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने दुकानदारों और ग्राहकों से कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे के कारण नालियां जाम होती हैं, जिससे जलनिकासी और जलभराव की समस्या बढ़ती है। विधायक ने यह भी कहा कि प्लास्टिक पर नियंत्रण के लिए केवल दुकानदारों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रतिबंधित प्लास्टिक बनाने वाली इकाइयों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। अभियान के दौरान विधायक ने बाजार के दुकानदारों और आम लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। नगरपालिका की टीम ने नियमों के पालन को लेकर आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही।