पश्चिम बंगाल

रंगदारी के आरोपी पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क पर कराई उठक-बैठक

उत्तर 24 परगना : पानीहाटी में रविवार को रंगदारी और दबंगई के आरोपों से घिरे तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि स्थानीय महिलाओं ने उसे पकड़कर कमर में रस्सी बांध दी, इलाके में घुमाया और सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर उठक-बैठक कराई। सूचना मिलने पर खड़दह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले गई। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी दीप साहा पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद पार्थ चौधरी का करीबी है। उसके खिलाफ लंबे समय से रंगदारी वसूली, स्थानीय लोगों को धमकाने और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट व उत्पीड़न के आरोप लगते रहे हैं। बताया जा रहा है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद से दीप साहा इलाके से गायब था। रविवार को उसके लौटने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे रस्सी से बांधकर पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 18 के विभिन्न इलाकों में घुमाया गया और लोगों के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक कराई गई। घटना की जानकारी मिलते ही खड़दह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।


SCROLL FOR NEXT