पश्चिम बंगाल

अशोकनगर में बहुमंजिली इमारतों में आग से निपटने के लिए रोबोटिक तकनीक लाने की तैयारी

संकीर्ण गलियों के लिए छोटे और मध्यम आकार के विशेष अग्निशमन वाहन भी लाने की योजना

Priti Yadavv

अशोकनगर : अशोकनगर में तेजी से बढ़ रही बहुमंजिली इमारतों के साथ अब अग्निशमन व्यवस्था को भी आधुनिक बनाने की तैयारी है। अशोकनगर फायर स्टेशन की ओर से आग लगने की स्थिति में राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए रोबोटिक तकनीक और विशेष अग्निशमन वाहनों को शामिल करने की योजना बनाई जा रही है। अशोकनगर फायर स्टेशन के ओसी जितेन पाल ने बताया कि आने वाले दिनों में आग पर काबू पाने के लिए रोबोटिक तकनीक के इस्तेमाल की योजना है। वहीं, जिले की संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को देखते हुए छोटे और मध्यम आकार के विशेष अग्निशमन वाहन लाने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे उन जगहों तक पहुंचना आसान होगा, जहां बड़े दमकल वाहन नहीं पहुंच पाते। बड़े अग्निकांड की स्थिति में जरूरत पड़ने पर राजारहाट-न्यूटाउन क्षेत्र से अत्याधुनिक लैडर समेत विशेष दमकल उपकरण मंगाने की व्यवस्था भी की जा सकती है। इसके अलावा अशोकनगर में नये बन रहे बहुमंजिला भवनों में अग्निसुरक्षा मानकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। फायर स्टेशन की ओर से जिम, दुकान, बाजार समेत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर अग्निसुरक्षा व्यवस्था की जांच भी की जा रही है। स्थानीय लोगों को आग लगने के संभावित कारणों और आपात स्थिति में शुरुआती स्तर पर बचाव के तरीकों की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। फायर स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक, आधुनिक तकनीक और बेहतर उपकरणों से लैस व्यवस्था तैयार होने पर बहुमंजिली इमारतों के साथ-साथ घनी आबादी वाले इलाकों में भी आपात स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT