पश्चिम बंगाल

गर्भवती गृहवधू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सास-ससुर गिरफ्तार

दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप, पति हिरासत में

Priti Yadavv

गायघाटा : गायघाटा थाना इलाके के सुटिया में गर्भवती गृहवधू पूजा पोद्दार (मंडल) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायकेवालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पूजा के सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति दिव्येंदु मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि गोबरडांगा निवासी पूजा की करीब दो वर्ष पहले सुटिया निवासी दिव्येंदु से शादी हुई थी। मायकेवालों के अनुसार, विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर पूजा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। गुरुवार रात ससुराल से पूजा के मायके में फोन आया कि उसकी तबीयत बिगड़ गयी है और उसे चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें पूजा की मौत की जानकारी मिली। पूजा के पिता ने बताया कि उसी दिन बेटी से फोन पर बात हुई थी। उस समय उसने किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। अचानक उसकी मौत की खबर मिलने के बाद उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मायकेवालों की शिकायत पर पुलिस ने पूजा के सास-ससुर को गिरफ्तार कर बनगांव महकमा अदालत में पेश किया। वहीं, पति दिव्येंदु से पूछताछ की जा रही है। मौत की वजह स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

SCROLL FOR NEXT