निमता : कल्याणी एक्सप्रेसवे के किनारे रात के अंधेरे में डकैती की साजिश रच रहे चार युवकों को निमता थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के पास से एयरगन समेत चाकू, लोहे की साबल और रॉड बरामद की गयी। घटना मंगलवार रात करीब 1 बजे फतुल्लापुर इलाके में मिलानगर के सामने की है। पुलिस के मुताबिक, रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक हथियारों के साथ अपराध की साजिश रच रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद 9-10 लोग भागने लगे। पीछा कर चार युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य फरार हो गये। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद आरिफ (20), बिक्रम दे (20), आकाश दे (22) और रंजीत मंडल (21) के रूप में हुई है। तलाशी में आरिफ के पास से करीब 11 इंच की एयरगन, बिक्रम के पास से 24 इंच की साबल, आकाश के पास से 12 इंच का चाकू और रंजीत के पास से 42 इंच की लोहे की रॉड मिली। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने सड़क पर डकैती करने के इरादे से एकत्र होने की बात कबूल की। हथियार रखने के संबंध में वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। मामले में निमता थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।