पश्चिम बंगाल

पीएम मोदी के जन्मदिन पर बैरकपुरवासियों को रेलवे की सौगात, अब यहां रुकेगी मां तारा एक्सप्रेस

Priti Yadavv

रेल बोर्ड की मंजूरी के बाद सोमवार या मंगलवार से ट्रायल रन की संभावना

कई अन्य ट्रेनों के ठहराव की भी तैयारी

प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर

: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बैरकपुर के यात्रियों को रेलवे की बड़ी सौगात मिली है। सियालदह-रामपुरहाट रूट पर चलने वाली मां तारा एक्सप्रेस का ठहराव अब बैरकपुर स्टेशन पर भी होगा। भाजपा विधायक कौस्तव बागची ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि रेल बोर्ड ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। सोमवार या मंगलवार से ट्रेन के प्रायोगिक ठहराव की शुरुआत हो सकती है। हालांकि, समय और ठहराव की अवधि रेलवे की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होगी। बागची के मुताबिक, इस मांग को लेकर लंबे समय से रेल मंत्रालय और पूर्व रेलवे के अधिकारियों के साथ बातचीत चल रही थी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से तारापीठ समेत बीरभूम जाने वाले यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। विधायक ने कहा कि बैरकपुरवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को उपहार देने की बात थी, लेकिन मोदीजी ने ही हमें उपहार दे दिया। बैरकपुरवासी इसे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि तारापीठ और बीरभूम जाने के लिए अधिक से अधिक लोग इसी ट्रेन से यात्रा करें। यात्रियों की संख्या अच्छी रहने पर प्रायोगिक ठहराव को स्थायी कराने की मांग को बल मिलेगा।

प्लेटफॉर्म विस्तार के बाद अन्य ट्रेनों पर नजर

बैरकपुर स्टेशन पर दूरगामी ट्रेनों के ठहराव की संभावनाएं बढ़ाने के लिए प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। विधायक ने बताया कि रेल मंत्रालय को भागीरथी, कटिहार, सियालदह-बालिया, पूर्वांचल, कोलकाता-गुवाहाटी गरीब रथ और गंगासागर एक्सप्रेस के ठहराव का प्रस्ताव दिया गया है। प्लेटफॉर्म विस्तार के बाद इन ट्रेनों के ठहराव के लिए चरणबद्ध तरीके से रेलवे के समक्ष मांग रखी जाएगी।
SCROLL FOR NEXT