कृष्णनगर : शक्तिनगर जिला अस्पताल में इलाजरत 60 वर्षीय मरीज का शव रविवार सुबह बाथरूम में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तपन घोष के रूप में हुई है। वह कृष्णनगर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंजनापाड़ा के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, तपन घोष लंबे समय से स्नायु संबंधी बीमारी से परेशान थे। परिवार का दावा है कि शनिवार सुबह उन्होंने जहर खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें शक्तिनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह वह खुद अपने बेड से उठकर बाथरूम की ओर गये। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर अस्पतालकर्मियों को संदेह हुआ। दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसे तोड़ा गया। अंदर तपन घोष को सीलिंग से लटका पाया गया। उन्हें तत्काल बाहर निकालकर चिकित्सकों के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया।घटना की सूचना मिलने पर कृष्णनगर कोतवाली थाने की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल सका है।