कोलकाता: कांथी की युवा गायिका अंकिता प्रधान ने दुबई पहुंचकर एक भावुक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को धन्यवाद दिया। लोकप्रिय रियलिटी शो Indian Idol के अंतरराष्ट्रीय चरण की शूटिंग के लिए रवाना होने से ठीक पहले पासपोर्ट संबंधी जटिलताओं के कारण उनकी भागीदारी पर संकट मंडरा रहा था जिसे टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी द्वारा की गई पहल से सुलझा लिया गया है।
अंकिता ने वीडियो में कहा, “प्रिय दादा अभिषेक, आपने बहुत कम समय में हमारी समस्या का समाधान किया। अगर आप मदद नहीं करते तो शायद मैं इस बड़े मंच तक नहीं पहुंच पाती।” उन्होंने बताया कि तीन दिनों के भीतर उनकी मां के पासपोर्ट की अड़चन दूर कर दी गई, जबकि शो प्रबंधन ने उसी समयसीमा के भीतर दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया था।
वीडियो में अंकिता ने राहत और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब वह पूरे आत्मविश्वास के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और बंगाल का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य लौटने के बाद वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी से मुलाकात कर व्यक्तिगत रूप से आभार व्यक्त करना चाहती हैं।