भरभराकर गिरा इमारत का बाहरी हिस्सा 
पश्चिम बंगाल

कमरहट्टी में 150 साल पुरानी इमारत का हिस्सा ढहा

डाकघर कर्मी बाल-बाल बचे

कमरहट्टी : कमरहट्टी नगरपालिका के वार्ड नंबर 1 स्थित ठाकुर दास चटर्जी रोड पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा उस समय होते-होते टल गया, जब लगभग 100 से 150 वर्ष पुरानी एक जर्जर इमारत का बाहरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इमारत में पिछले 50 वर्षों से डाकघर संचालित हो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज धमाके के साथ भवन का हिस्सा गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उस समय डाकघर के कर्मचारी अंदर मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में एक पोस्टमैन के पैर पर ईंट गिरने से वह घायल हो गया। घटना में एक चाय विक्रेता की वैन, चाय की दुकान और डाकघर कर्मचारी की स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि चाय विक्रेता उस समय मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन की जर्जर हालत को लेकर कई बार डाक विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भवन मालिक को सूचना दी गई थी, लेकिन मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सूचना मिलते ही कमरहट्टी थाना पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर सड़क के एक हिस्से को बंद कर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

SCROLL FOR NEXT