पश्चिम बंगाल

रंगदारी, धमकी और फैक्ट्री में तोड़फोड़ के आरोप में पंचायत प्रधान गिरफ्तार

स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा

उत्तर 24 परगना : उत्तर 24 परगना के कल्याणी ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांचरापाड़ा ग्राम पंचायत के प्रधान पंकज सिंह को रंगदारी, धमकी और फैक्ट्री में तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब तीन सप्ताह से फरार चल रहे पंकज सिंह को बुधवार को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। गुरुवार को उन्हें कल्याणी महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, कांचरापाड़ा ग्राम पंचायत के शहीदपल्ली स्थित एक बेकरी फैक्ट्री से कथित तौर पर लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने, फैक्ट्री में तोड़फोड़ करने और धमकी देने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा क्षेत्र के कई अन्य स्थानों से भी जबरन वसूली करने के आरोप सामने आए हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद से ही वह फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को स्थानीय लोगों को सूचना मिली कि पंकज सिंह कल्याणी लेक पार्क के पास स्थित एक बहुमंजिली इमारत में छिपा हुआ है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए और उसे पकड़ लिया। भागने की कोशिश के दौरान लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। सूचना मिलने पर कल्याणी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर पहले इलाज के लिए कल्याणी कॉलेज ऑफ मेडिसिन एंड जेएनएम अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे थाने लाया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT