File Photo 
पश्चिम बंगाल

राम मंदिर फंड से हो रही विपक्षी दलों में तोड़फोड़

टीएमसी का बड़ा आरोप, अमित शाह पर निशाना

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा, केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि राम मंदिर के लिए एकत्र किए गए धन का इस्तेमाल देश में विपक्षी दलों को तोड़ने के लिए किया जा रहा है।

दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ सांसद सौगत राय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विभिन्न विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए हरसंभव तरीके अपना रहे हैं। उनका आरोप था कि चुनाव आयोग स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर रहा, बल्कि अमित शाह के निर्देश पर कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बागी टीएमसी नेताओं के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त की बैठक भी इसी का हिस्सा है। इससे पहले पार्टी सांसद सागरिका घोष ने ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा की चुनाव आयोग से मुलाकात पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को टीएमसी से निष्कासित किया जा चुका है, फिर भी वे किस अधिकार से आयोग पहुंचे और उनसे मुख्य चुनाव आयुक्त ने मुलाकात कैसे की? सागरिका ने कहा कि टीएमसी की ओर से आयोग को कोई प्रतिनिधिमंडल या पत्र नहीं भेजा गया था। पार्टी के नाम व चुनाव चिह्न पर बागी गुट का दावा शर्मनाक है।

महुआ पर 'हमले' को लेकर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र

सौगत राय ने सांसद महुआ मोइत्रा पर हुए हमले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष के प्रतिनिधि को पत्र सौंपा गया है और सवाल किया कि क्या किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि को अपने ही क्षेत्र में जाने से रोका जा सकता है।

राय ने आरोप लगाया कि महुआ मोइत्रा ने घटना की जानकारी डीजीपी को दी, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा, "मैंने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर सांसदों की उनके निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।"

SCROLL FOR NEXT