सिलीगुड़ी :
लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की पुलिस चौकी को मरम्मत के बाद नया रूप दिया गया है। बुधवार को सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वाकर रजा ने नवीनीकृत पुलिस चौकी का औपचारिक उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में डिप्टी पुलिस कमिश्नर चारु शर्मा, एसीपी अनिर्बाण मजूमदार, माटीगाड़ा थाना प्रभारी मनोजीत सरकार, मेडिकल चौकी प्रभारी मृण्मय घोष समेत पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद पुलिस कमिश्नर ने चौकी के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और उपलब्ध नई सुविधाओं की जानकारी ली।
मरम्मत के बाद पुलिसकर्मियों के लिए कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही यहां विशेष सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष भी तैयार किया गया है। इसके माध्यम से उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आउटडोर और ओपीडी से सटे इलाकों में निगरानी रखी जा सकेगी। अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
हाल में अस्पताल की चारदीवारी तोड़े जाने की शिकायत को लेकर भी पुलिस कमिश्नर ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन के साथ चर्चा कर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित इलाके में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मरम्मत के बाद पुलिस चौकी की आधारभूत सुविधाओं में सुधार हुआ है। बेहतर भवन और आधुनिक सुविधाओं के जरिए पुलिसकर्मी अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेंगे। इससे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर की सुरक्षा मजबूत होने के साथ आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।