पश्चिम बंगाल

नेपाल आपदा के 12 दिन बाद भी नहीं मिला शर्मिष्ठा का सुराग

शुभ्रांशु की फेसबुक डीपी से बढ़ी चिंता

डीपी लगे ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर को लेकर उठे सवाल

प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : नेपाल में आई आपदा के 12 दिन बीत जाने के बाद भी मुकुल राय के पुत्र शुभ्रांशु राय की पत्नी शर्मिष्ठा राय का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच सोमवार की रात शुभ्रांशु ने अपने फेसबुक अकाउंट की डिस्प्ले तस्वीर बदलकर पत्नी के साथ अपनी एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर लगाई, जिसके बाद शर्मिष्ठा को लेकर अनहोनी की आशंका और गहरा गई है। हालांकि, शुभ्रांशु राय ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। उनके करीबियों और सोशल मीडिया पर तस्वीर देखने वालों का मानना है कि ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर के जरिए संभवतः कोई गंभीर संकेत देने की कोशिश की गई है। जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त को शर्मिष्ठा एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से नेपाल घूमने के लिए रवाना हुई थीं। नेपाल पहुंचने के बाद वह कई बार अपने पति के संपर्क में रहीं। परिवार के अनुसार, 25 अगस्त की रात शुभ्रांशु की पत्नी से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके अगले दिन सुबह नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद हालात बिगड़ते चले गए। आपदा की खबर मिलने पर शुभ्रांशु ने पत्नी से संपर्क करने की लगातार कोशिश की, लेकिन उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिवार की ओर से स्थानीय थाने, भवानी भवन, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से भी मदद मांगी गई। शर्मिष्ठा की तलाश के दौरान डीएनए सैंपल की जांच की प्रक्रिया भी शुरू की जाने की खबर सामने आई थी, जिससे परिवार और परिचितों की चिंता बढ़ गई थी। सोमवार रात शुभ्रांशु द्वारा फेसबुक की डिस्प्ले तस्वीर बदलने के बाद एक बार फिर कई तरह की चर्चा शुरू हो गई हैं। वहीं, बीजपुर के विधायक सुदीप्त दास ने कहा कि अभी तक शर्मिष्ठा के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। शुभ्रांशु ने ऐसी तस्वीर क्यों लगाई, इस बारे में वह भी कुछ नहीं कह सकते। फिलहाल, शर्मिष्ठा की तलाश जारी है और परिवार को अब भी उनके बारे में किसी ठोस सूचना का इंतजार है।

SCROLL FOR NEXT