उत्तर 24 परगना : नेपाल में आयी बाढ़ को करीब 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक शर्मिष्ठा भौमिक राय का कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि, उनके पति शुभ्रांशु राय को पूरा भरोसा है कि शर्मिष्ठा सुरक्षित हैं। उनका अनुमान है कि वह चीन-तिब्बत सीमा से सटे किसी अज्ञात इलाके में हो सकती हैं। शर्मिष्ठा 21 अगस्त को कोलकाता की पर्यटन संस्था के साथ नेपाल गयी थीं। नेपाल में प्राकृतिक आपदा के बाद से ही उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। राज्य सरकार की ओर से नेपाल में लापता लोगों की तलाश के लिए हरसंभव कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन अब तक परिवार को कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। शुभ्रांशु का आरोप है कि नेपाल में आपदा के बाद से कई तरह की गुमराह करने वाली जानकारी सामने आई हैं। इससे लापता लोगों के परिवार और परेशान हो गए हैं इसलिए उन्होंने प्रशासन से सही जानकारी जारी करने की अपील की है।