चेयरमैन ने आरोपों से किया इनकार
नवद्वीप : सरकारी राहत सामग्री को कथित तौर पर अवैध रूप से जमा करके रखने के आरोप में नवद्वीप नगर पालिका के चेयरमैन बिमान कृष्ण साहा को पुलिस ने शनिवार को तड़के गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए लोगों ने उन्हें थाने ले जाते समय उनपर जूते व पानी की बोतलें फेंककर विरोध जताया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे बरालघाट स्पोर्टिंग क्लब में छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में तिरपाल, कंबल और धागे से बनी साड़ियां बरामद की गईं। आरोप है कि आम लोगों के लिए सरकारी फंड से उपलब्ध करायी गयी राहत सामग्री लंबे समय से वहां रखी गई थी। क्लब चेयरमैन के घर के पास स्थित है, जिसके बाद संदेह की सुई उनकी ओर घूम गई। छापेमारी के बाद पुलिस ने शनिवार की सुबह करीब 3:40 बजे बिमान कृष्ण साहा को उनके घर से गिरफ्तार कर नवद्वीप थाने ले गई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और नाराजगी जताते हुए उन पर जूते तथा पानी की बोतलें फेंकीं। एक जूता उनके सिर पर भी लगा। हालांकि, बिमान कृष्ण साहा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका राहत सामग्री जमा करने या किसी तरह के भ्रष्टाचार से कोई संबंध नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।