बैरकपुर : नेपाल में आई हड़पा बाढ़ के बीच कोलकाता के कई यात्रियों के फंसे होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। इनमें दिवंगत राजनेता मुकुल राय के बेटे शुभ्रांशु राय की पत्नी शर्मिष्ठा भौमिक राय भी शामिल हैं। परिवार के मुताबिक, बुधवार से शर्मिष्ठा से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके बाद से पति शुभ्रांशु और उनके परिवार की चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार शर्मिष्ठा 21 अगस्त को हावड़ा से एक ट्रैवल एजेंसी के साथ नेपाल घूमने के लिए रवाना हुई थीं। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने कई बार पति से बातचीत की थी। परिवार के अनुसार, मंगलवार रात शुभ्रांशु की उनसे आखिरी बार बात हुई थी। इसके अगले दिन नेपाल में स्थिति बिगड़ने के साथ कई इलाकों में अचानक बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। बुधवार सुबह से ही शुभ्रांशु लगातार पत्नी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। ऐसे में शर्मिष्ठा इस समय कहां और किस स्थिति में हैं, इसकी जानकारी परिवार को नहीं मिल सकी है।
बशीरहाट का शिक्षक दंपति भी लापता
वहीं, बशीरहाट निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक दंपति के लापता होने की खबर सामने आई है। बशीरहाट नगरपालिका के वार्ड नंबर 10 स्थित खान बहादुर रोड के निवासी स्वपन मंडल और उनकी पत्नी मऊ मंडल करीब सात दिन पहले नेपाल घूमने के लिए रवाना हुए थे। दोनों की आगे कैलाश जाने की भी योजना थी। परिजनों के मुताबिक, नेपाल में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने के बाद से दोनों से संपर्क टूट गया है। परिवार ने मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के फोन बंद मिल रहे हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दंपति किसी दुर्गम इलाके में फंस गए हैं। परिजनों को उम्मीद है कि आपदा के कारण प्रभावित संचार व्यवस्था बहाल होने के बाद दंपति से संपर्क हो सकेगा। हालांकि, लगातार कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजनों ने प्रशासन और बचाव एजेंसियों से स्वपन मंडल और मऊ मंडल की तलाश में तत्काल मदद की अपील की है।