बशीरहाट : बशीरहाट के हासनाबाद थाना अंतर्गत बोलदेपोता इलाके में दो माह की बच्ची की रहस्यमय मौत के मामले में पुलिस ने उसकी 17 वर्षीय मां को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मां ने दावा किया था कि वह बच्ची को बरामदे में खाट पर सुलाकर बाथरूम गई थी। लौटने पर बच्ची वहां नहीं मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास तलाशी अभियान चलाया और घर के पास स्थित तालाब से बच्ची को बरामद किया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल की गहन जांच की। जांच में मिले तथ्यों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार की रात बच्ची की मां को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आर्थिक तंगी भी जांच के दायरे में है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्ची के पालन-पोषण के लिए महिला को बार-बार पति से पैसे मांगने पड़ते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।