प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 
पश्चिम बंगाल

मोदी ने शपथ ग्रहण समारोह में आने की भी कर दी घोषणा

बंगाल चुनाव की अंतिम रैली में मंच पर भाव विभोर हुए पीएम मोदी

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विश्वास जताया कि विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा पश्चिम बंगाल में अगली सरकार बनाएगी और चार मई को परिणाम घोषित होने के बाद वे शपथ ग्रहण समारोह के लिए फिर आएंगे। प्रधानमंत्री मोदी विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत प्रचार के आखिरी दिन उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उस पर 'सिंडिकेट राज' चलाने, राजनीतिक हिंसा करने और राज्य में आर्थिक पिछड़ेपन का आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि वे बंगाल के जिन-जिन क्षेत्रों में गये, वहां के लोगों का जो उत्साह और समर्थन उन्होंने देखा है, उससे वे पूर्ण विश्वास के साथ लौट रहे हैं कि 4 मई को नतीजे आने के बाद उन्हें भारतीय जनता पार्टी के शपथ ग्रहण समारोह में आना ही है। बैरकपुर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस भूमि ने 1857 में भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और अब यह पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन का आधार तैयार कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के समग्र विकास के लिए पश्चिम बंगाल की प्रगति आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि पूर्वी क्षेत्र का उदय देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की सेवा करना, उसे सुरक्षित रखना और उसे बचाना मेरा कर्तव्य है।

SCROLL FOR NEXT