नदिया : प्रेम संबंध में उपजे विवाद ने एक नाबालिग लड़की की जान ले ली। कल्याणी नगरपालिका के वार्ड नंबर 6 स्थित माझेर चर इलाके में शुक्रवार की देर रात एक किशोरी का शव घर की सीढ़ी की रेलिंग से लटका मिला। सूचना मिलने पर कल्याणी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि किशोरी लंबे समय से कल्याणी के कंठालतला इलाके के एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी। शुक्रवार को दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके दौरान युवक ने कथित रूप से उसे अपमानित किया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। परिवार का दावा है कि इस घटना से वह मानसिक रूप से टूट गई थी। मृत किशोरी के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि युवक पहले भी कई बार किशोरी के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट कर चुका था। परिजनों के मुताबिक, जिस जगह किशोरी ने फांसी लगाई, उसके ठीक नीचे मोबाइल फोन पड़ा था और उसमें वीडियो कॉल चालू थी। उनका दावा है कि कॉल के दूसरी ओर वही युवक मौजूद था, जिससे किशोरी आखिरी बार बातचीत कर रही थी। घटना के बाद शोकाकुल परिवार ने युवक के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और कॉल रिकॉर्ड सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।