पश्चिम बंगाल

मंत्री अर्जुन सिंह ने खींची आतपुर के पारंपरिक रथ की रस्सी

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना के आतपुर राजबाड़ी (घोष परिवार) की करीब 300 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक रथयात्रा का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। पश्चिम बंगाल के परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने पूजा-अर्चना कर रथयात्रा का उद्घाटन किया और पारंपरिक रथ की रस्सी खींचकर महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने राज्यवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि रथयात्रा प्रेम, सौहार्द और आध्यात्मिक जागरण का पावन पर्व है। भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की यह यात्रा समाज में नई आशा, आस्था और आनंद का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह रथ के पहिए निरंतर आगे बढ़ते हैं, उसी तरह सभी के जीवन में भी प्रगति का रथ आगे बढ़ता रहे। महाप्रभु जगन्नाथ की कृपा से सभी अमंगल दूर हों और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि का वास हो। रथयात्रा के शुभारंभ समारोह में भाटपाड़ा के विधायक पवन कुमार सिंह, जगदल के विधायक डॉ. राजेश कुमार, भाजपा बैरकपुर जिला कार्यकारिणी के सदस्य संजय सिंह, बिप्लब कुमार घोष सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


SCROLL FOR NEXT