प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
उत्तर 24 परगना : गारुलिया नगरपालिका के वार्ड नंबर 21 स्थित साउथ जूट मिल रोड निवासी दिवंगत शेखर चौधरी उर्फ बंटी के घर नोआपाड़ा के विधायक एवं मंत्री अर्जुन सिंह पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अर्जुन सिंह ने परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी को नगरपालिका में नौकरी दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, परिवार के साथ खड़े रहने और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। मंत्री ने बंटी की निर्मम हत्या के मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस पर लगातार दबाव बनाया गया, जिसके बाद अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, हत्या के मामले में अभियुक्त विक्की चौधरी की मौसी को भी तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की गई। अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि वह कथित रूप से मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त है।