प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को टीटागढ़ के टाटा गेट इलाके में श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने अपने नए कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बीजपुर के विधायक सुदीप्त दास, भाजपा नेता संतोष सिंह, डॉ. चंद्रमोनी शुक्ला, रविंद्र सिंह, राजेन सिंह समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर अर्जुन सिंह ने कहा कि इस कार्यालय के माध्यम से बीजपुर से लेकर बरानगर तक परिवहन एवं औद्योगिक क्षेत्रों, विशेषकर कारखानों से जुड़ी समस्याओं की निगरानी और समाधान कार्य किया जाएगा। उन्होंने लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भी आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि टीटागढ़ की सभी बंद जूट मिलों को आगामी 10 जुलाई तक दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया चल रही है।