फर्जी बैंक खाते खोलकर लोन की रकम हड़पने का आरोप
प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
नोआपाड़ा :
एक महिला के दस्तावेजों का कथित तौर पर दुरुपयोग कर तीन फ्लैटों के फर्जी बिक्री दस्तावेज तैयार कराने और बैंक खाते खोलकर हाउसिंग लोन की रकम हासिल करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नोआपाड़ा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस के अनुसार, घोला थाना क्षेत्र के श्रीनिवास इलाके की 51 वर्षीय रमा भट्टाचार्य ने शिकायत की है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ‘दिया लिटिल टावर’ हाउसिंग प्रोजेक्ट के तीन फ्लैटों की रजिस्टर्ड सेल डीड तैयार करायी गयी। आरोप है कि इसके लिए कोलकाता के एडिशनल रजिस्ट्रार ऑफ एश्योरेंस के समक्ष उनकी पहचान का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में बताया गया है कि इन फ्लैटों के लिए इंडियन बैंक की जोधपुर पार्क शाखा से हाउसिंग लोन स्वीकृत कराया गया और रकम बारानगर स्थित एक्सिस बैंक के खातों में जमा की गयी। महिला का दावा है कि संबंधित खाते भी उनकी जानकारी के बिना उनके नाम पर खोले गये थे। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।