313 पूजा समितियों के साथ समन्वय बैठक में पुलिस ने जारी किए निर्देश
नयी समितियों को नियम पूरे करने के बाद ही मिलेगी अनुमति
प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को टीटागढ़, बैरकपुर और मोहनपुर थाना इलाकों की 313 पुरानी व नयी पूजा समितियों के साथ समन्वय बैठक हुई। बैठक में पुलिस ने आयोजकों को पूजा से जुड़े नियमों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने कहा कि महालया से पहले किसी भी दुर्गापूजा पंडाल का उद्घाटन नहीं किया जा सकेगा। वहीं, लक्ष्मी पूजा से पहले सभी प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा करना अनिवार्य होगा। विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर भी रोक रहेगी। वहीं नयी पूजा समितियों को लेकर पुलिस ने कहा कि उन्हें आयोजन से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा। संबंधित विभागों से जरूरी अनुमति लेने और सभी सरकारी मानदंड पूरे करने के बाद ही उन्हें पूजा आयोजित करने की अनुमति दी जाएगी। समितियों को पंडाल में सुरक्षित बिजली कनेक्शन, अग्निशमन उपकरण और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में दमकल विभाग, CESC, बैरकपुर कैंटोन्मेंट बोर्ड, बैरकपुर नगरपालिका, टीटागढ़ नगरपालिका, उत्तर बैरकपुर नगरपालिका तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान डीसी सेंटर कार्तिक चंद्र मंडल, एसीपी टुटुल विश्वास, टीटागढ़ थाना प्रभारी अतनु चक्रवर्ती और मोहनपुर थाना प्रभारी सुजय सरकार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।