शमीक भट्टाचार्य 
पश्चिम बंगाल

सिर्फ भगवा झंडा थामने से नहीं मिलेगा टिकट : शमीक भट्टाचार्य

बारासात : आगामी नगर निकाय चुनाव से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने पार्टी में हाल ही में शामिल हुए नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा का झंडा हाथ में लेने या भगवा रंग धारण करने से कोई व्यक्ति पार्टी का भावी उम्मीदवार नहीं बन जाएगा। शनिवार को बारासात के रवींद्र भवन में भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित शिक्षक दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शमीक ने उन लोगों पर निशाना साधा, जो हाल में पार्टी में शामिल होने के बाद खुद को संभावित उम्मीदवार के रूप में पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी पुरानी राजनीतिक पार्टी के आंतरिक विवादों और गतिविधियों के साथ भाजपा में आए हैं और अब पार्टी के नाम का इस्तेमाल कर अपनी राजनीतिक पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। शमीक ने ऐसे नेताओं को अप्रासंगिक बताते हुए कहा कि जनता पहले ही उन्हें नकार चुकी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दखलंदाजी और दबंगई की राजनीति से दूर रहने की भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि लोगों ने बदलाव के लिए भाजपा को वोट दिया है, केवल राजनीतिक दल बदलने वालों को सत्ता में स्थापित करने के लिए नहीं। भाजपा के नाम पर पूजा समितियों पर कब्जा करने या किसी पूजा को बाधित करने की कोशिशों के खिलाफ भी कार्रवाई करने का संदेश दिया गया। उन्होंने पार्टी के पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की वसूली की संस्कृति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


SCROLL FOR NEXT