पश्चिम बंगाल

शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म, पीजीटी इंटर्न गिरफ्तार

पाटुली महिला थाना इलाके की घटना

कोलकाता : महानगर में शादी का वादा कर एक युवती से दुष्कर्म करने का आरोप कोलकाता मेडिकल कॉलेज के एक पीजीटी इंटर्न पर लगा है। पीड़ित युवती ने पाटुली महिला थाने में वादा कर दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराययी है। पाटुली महिला थाने की पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार युवक मालदह का रहने वाला है। वह कोलकाता मेडिकल में पीजीटी इंटर्न के पद पर कार्यरत है। वह बहूबाजार थाना क्षेत्र के एक छात्रावास में रहता है। पता चला है कि उसकी मुलाकात युवती से हुई जो दूसरे पेशे से जुड़ी है। यह भी पता चला है कि युवती कोलकाता की निवासी नहीं है। युवती का दावा है कि जान-पहचान के बाद धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ती गईं। उनके बीच कई बार शारीरिक संबंध बने। इससे 27 वर्षीय युवती तीन बार गर्भवती हो गई। कथित तौर पर आरोपित युवक ने युवती की सहमति के बिना उसका तीन बार गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने यह भी दावा किया कि उसके बाद से युवक उससे दूरी बढ़ाता जा रहा था। अंत में कोई रास्ता न सूझने पर पीड़ित युवती ने थाने में शिकायत दर्ज करायी। लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित पीजीटी इंटर्न को पाटुली महिला थाने ने कोलकाता मेडिकल कॉलेज परिसर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच करा ली गई है। पुलिस ने जरूरी दस्तावेज भी जुटा लिए हैं। शुक्रवार को आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT