पश्चिम बंगाल

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित होगा मायापुर, आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी

सड़क, घाट, ड्रेनेज से लेकर कचरा प्रबंधन तक पर होगा काम

Priti Yadavv

इस्कॉन मंदिर के आसपास 700-800 एकड़ जमीन और पूरे टाउन क्षेत्र के विकास का मास्टर प्लान होगा तैयार

राष्ट्रीय स्तर के प्लानर तैयार करेंगे मास्टर प्लान

कृष्णनगर : मायापुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीर्थक्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल की है। इसी उद्देश्य से नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने गुरुवार को मायापुर स्थित इस्कॉन मंदिर का दौरा किया और उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक की। बैठक में नवद्वीप के विधायक श्रुति शेखर गोस्वामी, नदिया के जिलाधिकारी, अतिरिक्त जिलाधिकारी, केएमडीए के सीईओ नितिन सिंघानिया, विभाग के संयुक्त सचिव सुप्रियो अधिकारी, म्यूनिसिपल इंजीनियरिंग निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी और इस्कॉन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए मायापुर और आसपास के टाउन क्षेत्र के लिए व्यापक विकास योजना तैयार की जायेगी। अग्निमित्रा पाल ने कहा कि क्षेत्र की मौजूदा समस्याओं को समझने के बाद राष्ट्रीय स्तर के प्लानर और आर्किटेक्ट को शामिल कर मास्टर प्लान तैयार किया जायेगा। इसके तहत सड़क और घाटों के विकास के साथ ठोस कचरा प्रबंधन, डंपिंग ग्राउंड, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर किया जायेगा। मंत्री ने कहा कि मायापुर में इस्कॉन के करीब 700-800 एकड़ क्षेत्र और आसपास के इलाके को एक अलग तीर्थनगरी के रूप में विकसित करने की योजना है। वहीं, नवद्वीप के लिए स्मार्ट सिटी योजना के तहत अलग विकास कार्य किये जायेंगे। राज्य की चयनित पांच स्मार्ट सिटी में नवद्वीप को शामिल किये जाने के बाद यहां सड़क, कचरा प्रबंधन, सीवेज, रोशनी, बस स्टॉप और श्मशान घाट जैसी नागरिक सुविधाओं को विकसित करने की योजना है। मंत्री ने कहा कि उनका ध्यान केवल योजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन पर काम कराने पर भी है।

SCROLL FOR NEXT