सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

मैट्रिमोनियल साइट का 'शादीबाज ठग' गिरफ्तार, फर्जी नाम से 15 महिलाओं को बनाया शिकार!

खुद को करोड़ों का पैकेज पाने वाला अधिकारी बताता था, शादी का झांसा देकर ऐंठता था नकदी और गहने

प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता

नैहाटी : मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिलाओं को प्रेम और शादी के जाल में फंसाकर लाखों रुपये और गहने ठगने के आरोप में नैहाटी पुलिस ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की पहचान मनिउर रहमान के रूप में हुई है, जो 'माणिक रॉय' नाम से फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं से संपर्क करता था। आरोप है कि उसने इसी तरीके से कम से कम 15 महिलाओं को अपना शिकार बनाया और उनसे रुपये व कीमती गहने ऐंठे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनिउर एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर 'माणिक रॉय' नाम से प्रोफाइल बनाकर खुद को एक नामी कार कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी बताता था। वह दावा करता था कि उसकी सालाना आय 1.5 करोड़ रुपये है। बातचीत बढ़ने के बाद वह महिलाओं को शादी का प्रस्ताव देता और विश्वास जीतने के बाद विभिन्न बहानों से रुपये और गहने मांगना शुरू कर देता था। नैहाटी की एक युवती ने पुलिस को बताया कि तीन महीने की बातचीत के दौरान अभियुक्त ने उसका भरोसा जीत लिया था। इसके बाद उसने शादी का वादा कर उससे 85 हजार रुपये नकद और एक सोने का ब्रेसलेट ले लिया। युवती के अनुसार, अभियुक्त लगातार भावनात्मक दबाव बनाकर पैसे मांगता था और जल्द शादी का भरोसा देता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब अभियुक्त ने अपने कथित चाचा की मौत का बहाना बनाकर फिर रुपये मांगे और एक अन्य व्यक्ति के खाते में पैसे भेजने को कहा। युवती को संदेह हुआ तो उसने सोशल मीडिया पर जांच शुरू की। पड़ताल के दौरान उसे पता चला कि अभियुक्त ने कई अन्य महिलाओं से भी इसी तरह संपर्क किया था। कुछ पीड़ित महिलाओं से बातचीत के बाद ठगी का पूरा खेल सामने आ गया। इसके बाद युवती ने सूझबूझ दिखाते हुए अभियुक्त को अपने घर बुलाया। उसने बहाना बनाया कि परिवार का एक वरिष्ठ सदस्य उसे सोने की चेन देकर आशीर्वाद देना चाहता है। इस बीच युवती ने पूरी जानकारी पुलिस को दे दी। जैसे ही मनिउर घर पहुंचा, पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पीड़िता का दावा है कि अभियुक्त की कम से कम 15 शादियां हो चुकी हैं। वहीं, युवती की मां ने कहा कि मनिउर बेहद चालाकी से परिवार का विश्वास जीतता था। पुलिस अब अभियुक्त के खिलाफ दर्ज शिकायतों की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितनी महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया है।

SCROLL FOR NEXT