खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत खड़गपुर सदर विधानसभा केंद्र में टीएमसी ने अपने पूर्व विधायक प्रदीप सरकार पर ही भरोसा जताते हुए उनको विधानसभा चुनाव में दलीय प्रत्याशी बनाया है। प्रदीप सरकार के नाम की घोषणा होते ही खड़गपुर सदर विधानसभा इलाके में जोड़ा फूल खेमे में भारी जश्न का माहौल कायम हो गया है। खड़गपुर के वार्ड 20 ओल्ड सेटलमेंट में स्थित टीएमसी कार्यालय में मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में टीएमसी कर्मी पहुंचे और दल के चुनावी उम्मीदवार प्रदीप सरकार संग अबीर गुलाल खेलकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ टीएमसी कर्मियों ने वहां नृत्य करते हुए जमकर जश्न मनाया। मालूम हो कि वर्ष 2015 के नगरपालिका चुनाव में प्रदीप सरकार ने टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़कर वार्ड 20 से पहली बार पार्षद बने थे और उसी दौरान उनको नगरपालिका का चेयरमैन भी बना दिया गया था। कुछ दिनों बाद प्रदीप सरकार को टीएमसी की खड़गपुर टाउन कमेटी का अध्यक्ष भी बनाया गया। जबकि नवंबर 2019 में खड़गपुर सदर विधानसभा केंद्र में हुए उपचुनाव में भी प्रदीप सरकार ने टीएमसी प्रत्याशी के तौर पर जीत का डंका बजाया। अब 2026 में होने वाली विधानसभा के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने खड़गपुर सदर विधानसभा केंद्र में एक बार फिर प्रदीप सरकार को ही अपना प्रत्याशी बनाया है। खड़गपुर टाउन टीएमसी की कोर कमेटी के सदस्यों ने प्रदीप सरकार को चुनावी प्रत्याशी बनाए जाने के फैसले का स्वागत किया है। टीएमसी की कोर कमेटी के एक नेता एस सूर्य प्रकाश राव ने दावा किया है कि इस बार के चुनाव में खड़गपुर सदर विधानसभा केंद्र में तृणमूल कांग्रेस की जीत बिल्कुल तय है। खड़गपुर के सभी लोग प्रदीप सरकार को जानते और पहचानते हैं और उनको पसंद भी करते हैं।