एसपी, सन्मार्ग संवाददाता कुल्टी : गांधी जयंती पर नेक्स्ट जेन (Next gen) संस्था की ओर से युवा पीढ़ी में स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह कुल्टी क्लब समीप मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं समेत विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कुल्टी के विधायक व राज्य के मंत्री डॉ.अजय पोद्दार सहित कई अतिथि शामिल थे। डॉ. पोद्दार ने मैराथन में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और युवाओं से नियमित रूप से व्यायाम तथा खेलकूद से जुड़ने का आह्वान किया। अजय पोद्दार ने कहा कि स्वस्थ और सक्रिय युवा समाज के निर्माण के लिए शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। नियमित व्यायाम और खेलकूद से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। मैराथन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने का संदेश दिया गया। नेक्स्ट जेन संस्था के अध्यक्ष धीरज मिश्रा ने कहा कि नेक्स्ट जेनेरेशन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों और आयोजकों में उत्साह बना रहा। इस अवसर पर आयोजक कमेटी के अध्यक्ष राकेश तिवारी, मनोज मिश्रा, मुक्ता राय एवं भाजपा नेता आदित्य नारायण शर्मा सहित काफी संख्या में युवा उपस्थित थे।