lion 
पश्चिम बंगाल

बंगाल सफारी में गूंजी किलकारियां, शेरों के कुनबे में बढ़ोतरी

शेरनी तानया ने तीन और शावकों को दिया जन्म

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी के बंगाल सफारी पार्क में खुशी की लहर छा गई है। शेरनी तानया ने तीन और शावकों को जन्म दिया है। इस तरह सूरज और तानया अब चार शावकों के माता-पिता बन गए हैं। करीब डेढ़ महीने पहले ही तीन शावकों का जन्म हुआ था। बुधवार को सिलीगुड़ी के मेयर सफारी पार्क में कर्मतीर्थ भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां उन्होंने परिवार के नए तीन सदस्यों की जानकारी दी।

गौतम देव ने कहा कि लंबे समय बाद कर्मतीर्थ का कार्य पूरा हुआ है और अब इसे शुरू किया जा सका है। इससे 14 परिवार जुड़े हुए हैं। इसी परिसर में शेरनी ने तीन नए शावकों को जन्म दिया है। बाघ, शेर से लेकर भालू तक लगातार सफल प्रजनन के बावजूद बंगाल सफारी में अब तक प्रजनन केंद्र (ब्रीडिंग सेंटर) शुरू करने को लेकर राज्य सरकार कोई अंतिम निर्णय नहीं ले पाई है। जबकि पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग के टोपकेदाड़ा के बाद सफारी पार्क ने सफल प्रजनन का उदाहरण पेश किया है। इसके बावजूद यहां प्रजनन केंद्र स्थापित करने में हो रही देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

वर्तमान में बंगाल सफारी में रॉयल बंगाल टाइगरों की संख्या 14 है। जबकि शुरुआत में ओडिशा के नंदनकानन से केवल एक जोड़ा रॉयल बंगाल टाइगर लाया गया था। एक पशु चिकित्सक और एक छोटे अस्पताल जैसी सीमित सुविधाओं के बावजूद पार्क प्रशासन ने सफलतापूर्वक बाघों का प्रजनन कराया है। एक समय संख्या इतनी बढ़ गई थी कि कुछ बाघों को अन्य चिड़ियाघरों में भेजना पड़ा। बाघ सफारी के लिए एनक्लोजर का क्षेत्रफल दोगुना करना पड़ा। त्रिपुरा के सिपाजला चिड़ियाघर से एक जोड़ा शेर लाया गया था, जिनका भी सफारी पार्क में सफल प्रजनन हुआ।

पहली बार जन्मे तीन शावकों में से दो की मृत्यु हो गई थी, लेकिन कड़ी मेहनत से एक को बचा लिया गया। इसके बाद शेरनी तानया फिर गर्भवती हुई और इस बार भी उसने तीन शावकों को जन्म दिया। अब सफारी पार्क में शेरों की कुल संख्या बढ़कर छह हो गई है। मां और उसके शावक फिलहाल स्वस्थ हैं। इसके अलावा पार्क में हिरण, भालू और जंगल कैट का भी सफल प्रजनन हुआ है। यदि राज्य सरकार पहल करे, तो इस वातावरण में और भी सफल प्रजनन संभव है।

बंगाल सफारी के निदेशक ई. विजय कुमार ने कहा कि हम सफारी के नए सदस्यों को लेकर बेहद खुश हैं। फिलहाल शावक अपनी मां के साथ उसी क्रॉल में हैं। तानया को पौष्टिक आहार दिया जा रहा है और पशु चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। इसी दिन सफारी पार्क में शुरू हुए कर्मतीर्थ में 14 स्टॉलों का उद्घाटन गौतम देव ने किया। इन स्टॉलों में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के सदस्य दुकानें लगाएंगे, जहां फास्ट फूड, हस्तनिर्मित वस्तुएं आदि उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम में सफारी के निदेशक के अलावा सिलीगुड़ी के डिप्टी मेयर रंजन सरकार, जलपाईगुड़ी की जिलाशासक शामा परवीन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT