कोलकाता : बंगाल के नदिया जिले की कृष्णनगर अदालत ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया। सूत्रों के अनुसार, यह वारंट भारतीय सेना के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी और अन्य आपत्तिजनक बयानों से जुड़े मामले में अदालत के आदेश के बावजूद व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं होने पर जारी किया गया।
पता चला है कि तीसरे न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कहा कि बार-बार समन जारी होने के बावजूद महुआ अदालत में उपस्थित नहीं हुईं। अदालत ने गिरफ्तारी वारंट की तामील संबंधी रिपोर्ट 28 अगस्त को पेश करने का निर्देश दिया है। शिकायतकर्ता चयन नंदी के वकील ने कहा कि सांसद को कई बार व्यक्तिगत पेशी के लिए समन भेजा गया, लेकिन वह एक बार भी अदालत नहीं पहुंचीं।
वहीं, महुआ के वकील ने अदालत के समक्ष आशंका जताई कि परिसर के बाहर उनके साथ दुर्व्यवहार हो सकता है। पुलिस के अनुसार मामले में महिला की गरिमा का अपमान, विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने, धार्मिक भावनाएं आहत करने, आपराधिक धमकी और कथित घृणास्पद भाषण से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।