पश्चिम बंगाल

खड़दह के पुरानी बाजार में देर रात दो बम धमाके, दहशत में व्यापारी

Priti Yadavv

गोदाम की दीवार को निशाना बनाकर बम फेंकने का आरोप

पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया

प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता

खड़दह :

खड़दह के पुरानी बाजार में शुक्रवार की देर रात लगातार दो बम धमाकों से हड़कंप मच गया। आरोप है कि बदमाशों ने बाजार स्थित एक गोदाम की दीवार को निशाना बनाकर दो बम फेंके। धमाकों की तेज आवाज से आसपास के लोगों और कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गयी। सूचना मिलते ही खड़दह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना के सिलसिले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, बमबाजी के पीछे किसका हाथ है और इसके पीछे क्या वजह थी, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। इधर, बाजार के कारोबारियों ने इलाके में असामाजिक गतिविधियों को लेकर चिंता जतायी है। उनका आरोप है कि शाम के बाद पुरानी बाजार में गांजा, शराब और जुए का अड्डा जमता है। कारोबारियों का कहना है कि बदमाशों के डर से लोग उनके खिलाफ खुलकर शिकायत करने से भी बचते हैं। इसके चलते बाजार में आने वाले ग्राहकों की संख्या पर भी असर पड़ रहा है। पुरानी बाजार कमेटी के सचिव अजय साव ने आरोप लगाया कि लंबे समय से एक समूह के असामाजिक तत्व बाजार में उत्पात मचा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों पर कार्रवाई कर बाजार का माहौल सामान्य करने की मांग की। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिये गये संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
SCROLL FOR NEXT