जिस सड़क पर ली थी बाल नहीं रखने की प्रतिज्ञा, वहीं पहली बार कटवाए बाल
बैरकपुर : बैरकपुर के भाजपा विधायक कौस्तव बागची ने तीन साल पहले सिर मुंडवाकर ममता बनर्जी के सत्ता से हटने तक बाल नहीं रखने का संकल्प लिया था। भाजपा के सत्ता में आने के बाद उन्होंने बाल रखना शुरू कर दिया। अब शनिवार को उन्होंने जिस सड़क पर संकल्प लिया उसी सड़क पर बैठकर पहली बार बाल कटवाकर अपनी प्रतिज्ञा की पूर्णता का प्रतीकात्मक संदेश दिया। गौरतलब है कि 4 मार्च 2023 को कौस्तव बागची को तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ कथित टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। जमानत मिलने के बाद उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक ममता बनर्जी सत्ता से बाहर नहीं हो जातीं तब तक वह अपने सिर पर बाल नहीं रखेंगे। बागची ने अपने इस संकल्प के तहत लगभग तीन वर्षों तक मुंडित अवस्था में जीवन बिताया। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की हार और तृणमूल कांग्रेस सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद उन्होंने अपनी प्रतिज्ञा पूरी होने की घोषणा की। इसके बाद से उन्होंने बाल बढ़ाने शुरू कर दिए थे। शनिवार को पहली बार उन्होंने अपने बाल कटवाए।